बुलंदशहर। जनपद में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। दिन प्रतिदिन नए केस मिलने के चलते संक्रमितों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को आई रिपोर्ट में एक दारोगा और एक सिपाही समेत 43 नए मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। इसके साथ ही अब जनपद में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 432 हो गया है, इसमें सक्रिय केस 251 हैं। जबकि, 163 लोग अब तक ठीक होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। साथ ही 18 लोगों की जान जा चुकी है। जनपद में 29 मार्च को पहला केस सामने आया था। इसके बाद से अब तक कुल 432 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। बुधवार को आई सैंपलों की रिपोर्ट में गुलावठी क्षेत्र दो आशा कार्यकर्ता और एक सीएचसी की स्टाफ नर्स समेत 17 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। सीएचसी अधीक्षक ने इस बाबत पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मरीजों को प्रशासन के निर्देशानुसार कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। खुर्जा में सात मरीजों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जिसमें एक मेडिकल स्टोर संचालक और उसकी मां, महिला अस्पताल में तैनात एक महिला चिकित्सक, एक आशा कार्यकर्ता और सफाई कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। अरनियां के बैंक प्रबंधक के संपर्क में आने से एक व्यक्ति और एक अन्य की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। सिकंदराबाद में छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिसमें औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री के प्लांट हेड और उनकी मां को गाजियाबाद अस्पताल में जांच के बाद कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। कंपनी को सैनिटाइज कराने के साथ बंद कर दिया गया है। राजकीय अस्पताल के प्रभारी सीएमएस डा. नरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल के वार्ड ब्वॉय और मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी निवासी युवती और हीरा कॉलोनी निवासी एक महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वैर सीएचसी प्रभारी ने भी गांव मुरादाबाद निवासी एक युवक के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। हालांकि, जिला प्रशासन ने सिंकदराबाद में चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि की है। बुलंदशहर तहसील क्षेत्र में 11 लोगों में कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि हुई है। उधर, जहांगीराबाद कोतवाली में तैनात एक दरोगा व एक सिपाही में भी कोरोना की पुष्टि हुई है। दोनों पुलिसकर्मियों में कोरोना की पुष्टि होने के बाद कोतवाली में हड़कम्प मच गया है। सीओ अनूपशहर अतुल कुमार चौबे ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए कोविड -19 अस्पताल भेज दिया गया है। जबकि, उनके संपर्क में आने वाले अन्य पुलिसकर्मियों की सूची भी तैयार की जा रही है। वहीं, डिबाई क्षेत्र में एक नगर पालिका कर्मी और उसके पुत्र में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। सीएचसी प्रभारी डॉ. हेमंत ने बताया कि पालिकाकर्मी का मेरठ में उपचार चल रहा है। पहीं, उसके पुत्र को बुलंदशहर में कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आठ संक्रमित मरीज हुए ठीक गुलावठी के मोहल्ला श्यौदत्त निवासी पिता-पुत्र ने कोरोना पर विजय पा ली है। दोनों ठीक होकर घर लौट आए हैं। परिजनों के अनुसार चिकित्सक ने इन दोनों को होम क्वारंटीन के लिए कहा है। वहीं, जनपद के छह अन्य लोगों ने भी कोरोना को मात दी है। कोट बुधवार को आई रिपोर्ट में कुल 43 लोग संक्रमित मिले हैं। साथ ही चार मरीज ठीक हुए हैं। इसके साथ ही अब जनपद में कुल कोराना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 432 हो गया है। सक्रिय सभी मरीजों का उपचार विभिन्न कोविड अस्पतालों में कराया जा रहा है। - डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ/नोडल अधिकारी