बुलंदशहर। शनिवार और रविवार की दो दिन की बंदी के बाद सोमवार को बाजार खुला। बाजार के खुलते ही सोशल डिस्टेसिंग की धज्जियां उड़ती नजर आई। मेडिसन मार्केट में ग्राहकों की भीड़ दिखाई दी। लोगों के चेहरों से मास्क गायब रहे। जिला प्रशासन ने लाउडस्पीकर के माध्यम से नियमों के पालन करने की अपील की। शासन के आदेश के बाद से डीएम ने जनपद में भी शनिवार और रविवार को पूर्ण बंदी लागू कर दी। इस दौरान सोमवार को होने वाली साप्ताहिक बंदी को खत्म कर दिया गया और नियमानुसार एक साइड की दुकानों को खोलने की राहत दे दी। सोमवार को दो दिन की बंदी के बाद बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ गई। कहीं भी सोसल डिस्टेसिंग का पालन होता नहीं दिखाई दिया। वहीं, नगर के मेडिसन मार्केट में सोमवार को बाजार खुलते ही दुकानों पर भीड़ दिखाई दी। हालात इतने खराब थे कि कई दुकानदारों और ग्राहकों ने मास्क तक नहीं लगा रखे थे। मार्केट में न ही सोशल डिस्टेसिंग का पालन होता मिला और न ही प्रशासन द्वारा किसी नियम का पालन होता दिखा। यह हाल कमोबेश सारे बाजार का ही दिखाई दिया। नगर के बूरा बाजार में भी सोशल डिस्टेसिंग का पालन होते नहीं मिला।