खुर्जा। हाईवे-91 पर लालपुर चितौला के निकट हुए सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खीरखानी निवासी सारिक (25) पुत्र सलीम और नगीना बाइक पर सवार होकर बुधवार दोपहर बाद बुलंदशहर से वापस लौट रहे थे। जब वह थाना खुर्जा देहात क्षेत्र में हाईवे-91 पर लालपुर चितौला फ्लाईओवर के निकट पहुंचे, तो इसी दौरान टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिसकर्मियों ने कैलाश अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सारिक को मृत घोषित कर दिया। जबकि नगीना की हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से टैंकर को छोड़कर फरार हो गया। थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।