बुलंदशहर। अहार थाने पर तैनात दो आरक्षियों के द्वारा आमजन से अभद्रता करना भारी पड़ गया। शिकायत मिलने पर जांच में दोषी पाए जाने के बाद एसएसपी ने दोनों को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही दोनों आरक्षियों की कोविड 19 अस्पताल में ड्यूटी लगा दी गई है। अफसर लगातार पुलिसकर्मियों से आमजन से सौम्य व्यवहार से बात करने की अपील कर रहे हैं। गौरतलब है कि शासन ने कुछ समय पूर्व सभी जनपदों के वरिष्ठ अफसरों को निर्देश दिए थे कि वह अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को निर्देश दें कि आमजन के साथ सौम्य व्यवहार बनाएं। जिससे कि आमजन में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़े। इस संबंध में बुलंदशहर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने भी सभी थानेदारों व अन्य अफसरों को निर्देश जारी कर दिए थे। इसके बावजूद आमजन से अभद्रता किए जाने की शिकायत मिल रही हैं। वहीं, अब अहार थाने पर तैनात आरक्षी सोहनपाल सिंह व प्रवेश मलिक पर भी आमजन से अभद्रता करने का आरोप लगा था। जिसकी शिकायत एसएसपी से की गई थी। एसएसपी ने मामले में जांच कराई तो प्रारंभिक द़ृष्टया आरोपी सही पाए गए। एसएसपी ने बताया कि दोनों आरक्षियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही अब उनकी ड्यूटी कोविड 19 अस्पताल चिट्टा में लगाई गई है। एसएसपी ने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही और आमजन से अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।