बुलंदशहर। किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) न बनाने और अधिकारियों के आदेशों का पालन न करने के साथ भारत सरकार के आदेशों की अवहेलना करने पर जनपद के दो बैंक कर्मियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। डीएम रविंद्र कुमार के आदेश पर हुई इस कड़ी कार्रवाई से बैंकों में हड़कंप है। कृषि उप निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि केंद्र सरकार का आदेश है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के पात्र प्रत्येक किसान को केसीसी कार्ड बनना चाहिए। लेकिन, इस आदेश का अधिकतर बैंकों में पालन नहीं हो रहा है। किसान केसीसी बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काटते रहते हंै। पिछले दिनों स्टेट बैंक आफ इंडिया और इलाहाबाद बैंक में किसानों के केसीसी कार्ड न बनवाने की शिकायत मिली थी। इतना ही नहीं इन बैंकों में तैनात दो कर्मचारी सरकारी कार्यों में बांधा डालने में संलिप्त पाए गए। वहीं, सीडीओ अभिषेक पांडेय ने भी बैंक में संपर्क कर केसीसी बनवाने के आदेश दिए, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। जब लापरवाही सामने आई तो डीएम रविंद्र कुमार ने दोनों बैंक कर्मियों पर एफआइआर दर्ज करवाने के आदेश दिए। इस पर स्टेट बैंक में केसीसी बनाने वाले जिला समन्वयक पवन कुमार और इलाहाबाद बैंक के जिला समन्वयक अतुल कुमार के खिलाफ संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।