कोविड अस्पताल में लोगों से जानकारी लेते डीएम ।
- फोटो : AMAR UJALA
बुलंदशहर। डीएम रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को वीआईआईटी में बनाये गये कोविड-19 एल-1 अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कोई भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिला, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम रविन्द्र कुमार ने व्यवस्थाएं देखीं। किसी भी कर्मी के ड्यूटी पर तैनात नहीं होने के कारण कोरोना संक्रमित व्यक्ति अस्पताल से गुपचुप तरीके से बाहर जा सकता है। जिससे संक्रमण के फैलने का खतरा बढ़ता है। निरीक्षण के समय ड्यूटी पर तैनात कर्मी को बुलाये जाने पर उसके द्वारा बताया गया कि सुबह की शिफ्ट में तैनात डॉक्टर अपरान्ह 2 बजे से अपनी ड्यूटी समाप्त होने पर दूसरी शिफ्ट के डॉक्टर के आने से पूर्व ही चले गये तथा दूसरी शिफ्ट वाले चिकित्सक समय पर नहीं आए। इसलिए निरीक्षण के दौरान कोई डॉक्टर उपस्थित नहीं मिले। डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमओ को निर्देश दिये कि संबंधित डॉक्टर की जवाबदेही तय करते हुए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही 48 घंटे के भीतर अवगत कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित मरीजों से खाना, पानी, साफ-सफाई, दवा, डॉक्टर द्वारा उपचार के संबंध में जानकारी ली। मरीजों द्वारा सुबह में चाय-नाश्ता एवं दोपहर, शाम को समय से खाना उपलब्ध कराये जाने की जानकारी दी। कुछ मरीजों द्वारा खाना सही न मिलने की भी जानकारी दी। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिये कि संबंधित खाना आपूर्तिकर्ता से खाने की गुणवत्ता में सुधार कराया जाये।