डिबाई। दौलतपुर चौकी क्षेत्र में जहांगीराबाद-दौलतपुर मार्ग स्थित गांव नंगलाकिड्डा पर एक इंटर कॉलेज के निकट दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं हादसे गम्भीर रूप से घायल हुए तीन लोगों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव चहला निवासी जुनेद पुत्र पप्पू अपने साथी अजीम के साथ बाइक से अहमदगढ़ की ओर जा रहा था। बताया गया कि बाइक सवार युवक जब गांव नंगला किड्डा के निकट स्थित एक इंटर कॉलेज के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चारों को सीएचसी पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने जुनैद पुत्र पप्पू को मृत घोषित कर दिया। जबकि, गंभीर रूप से घायल अजीम, विष्णु पुत्र वीरेंद्र निवासी गांव हरिद्वार पुर थाना अनूपशहर व ईश्वर निवासी गांव खुसरूपुर थाना अहमदगढ़ को प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।