बुलंदशहर/सिकंदराबाद। दिल्ली सीबीआई की टीम ने बृहस्पतिवार सुबह सिकंदराबाद स्थित एक राइस मिल में छापेमारी की। बताया गया कि कंपनी के मालिकान द्वारा करीब 424 करोड़ रुपए का कोई बैंक घोटाला किया गया है। टीम ने मिल के ऑफिस में करीब तीन से चार घंटे तक दस्तावेज खंगाले, इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे टीम अपने साथ कुछ दस्तावेज लेकर रवाना हो गई। टीम ने दिल्ली पहुंचकर मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। बुलंदशहर पुलिस सीबीआई के छापेमारी की पुष्टि कर रही है। जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे दिल्ली सीबीआई की एक टीम सिकंदराबाद कोतवाली पहुंची। जहां उन्होंने अपनी आमद दर्ज कराते हुए सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित संतोष राइस मिल में छापेमारी की बात कही। इस संबंध में सिकंदराबाद पुलिस ने अफसरों को अवगत कराया, जिसके बाद अफसरों के आदेश पर सीबीआई टीम को पूर्ण सहयोग के लिए कहा गया। जोखाबाद चौकी प्रभारी परवेज चौधरी ने बताया कि सीबीआई की छह सदस्यीय टीम सिकंदराबाद जोखाबाद चौकी पहुंची। जहां उन्होंने कागजी कार्रवाई पूरी कर पुलिस टीम को साथ लिया और औद्योगिक क्षेत्र स्थित संतोष राइस मिल पर पहुंचे। लेकिन, इस दौरान अफसरों को मिल बंद मिली। मौके पर एक गार्ड तैनात मिला। जिसके बाद सीबीआई अफसरों ने कंपनी के डायरेक्टर से बात की और अंदर जाकर ऑफिस खुलवाया। सुबह करीब नौ बजे से १२ बजे तक टीम ने ऑफिस के अंदर दस्तावेज खंगाले। इसके बाद टीम वहां से कुछ दस्तावेज लेकर वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गई। इसके बाद टीम दिल्ली ऑफिस पहुंची और मामले में संतोष ओवरसीज लिमिटेड बुलंदशहर और सुनील मित्तल डायरेक्टर के खिलाफ मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। ढाई साल से बंद पड़ी है राइस मिल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त कंपनी करीब ढाई वर्ष से बंद पड़ी हुई है। लाखों टन का प्रतिवर्ष कारोबार करने वाली यह मिल बंद है। बृहस्पतिवार को जब टीम मौके पर पहुंची तब भी केवल एक ही गार्ड मिल के गेट पर सीबीआई टीम को मौके पर मिला था। गल्फ कंट्री में करती थी लाखों का कारोबार मंडी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि संतोष राइस मिल बहुत बड़े पैमाने पर चावल का निर्यात करती थी। उन्होंने बताया कि राइस मिल करीब चार से पांच लाख क्विंटल चावल का प्रतिवर्ष गल्फ कंट्री में निर्यात किया करती थी। वहीं, राइस मिल द्वारा प्रतिवर्ष १० से १२ लाख क्विंटल धान की खरीद की जाती थी। उन्होंने बताया कि राइस मिल पर मंडी शुल्क भी बकाया है। मंडी शुल्क की अदायगी नहीं करने पर राइस मिल की आरसी जारी की हुई है। कोट दिल्ली से सीबीआई की टीम बृहस्पतिवार को जनपद में आई थी। सिकंदराबाद पुलिस को सीबीआई की टीम को सहयोग करने का निर्देश दे दिया था। टीम अपनी कागजी कार्रवाई कर वापस लौट गई। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी, बुलंदशहर