बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में बीते बृहस्पतिवार देर शाम एडीजे के पेशकार की हत्या का मामला उलझता ही जा रहा है। पुलिस अभी तक आरोपी को भी नहीं दबोच सकी है और न ही हत्या के कारणों को स्पष्ट किया जा रहा है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार खाक छान रही हैं, लेकिन आरोपी पुलिस को चकमा देने में कामयाब नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि क्षेत्र के गांव हरतौली निवासी अतुल शर्मा अपर जिला जज फास्ट ट्रैक कोर्ट टू में पेशकार थे। साथ ही उनकी भूड़ रोड पर पार्टनरशिप में एक यामाहा बाइक की एजेंसी भी थी। बृहस्पतिवार देर शाम को अतुल एजेंसी पर पहुंचे थे। जहां उनका अपने पार्टनर सौरभ शर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि उसी दौरान सौरभ ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अतुल पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद वह अपने एक अज्ञात साथी के साथ मौके से भाग निकला था। पुलिस ने मामले में मृतक के परिजनों की तहरीर पर सौरभ व एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। एसएसपी ने मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को तीन टीमों को नियुक्त किया था। लेकिन, अभी तक पुलिस दबिश देने और खाक छानने के अलावा कोई ठोस साक्ष्य नहीं जुटा सकी है। एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिशें दी जा रही हैं। कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हाथ लगे हैं, जल्द ही आरोपियों को दबोच राजफाश कर दिया जाएगा।