- नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले की घटना, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी बुलंदशहर । नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक पर घर में घुसकर दबंगो ने जानलेवा हमला कर दिया । जिसमें युवक गंभीर रुप से घायल हो गया । पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मनिहारन ऊपरकोट निवासी इब्राहिम पुत्र इशाक ने तहरीर देकर बताया कि मोहल्ला कस्सावान निवासी दूसरे पक्ष के वारिश , आमिर , जुबेर व फिरोज उससे रंजिश मानते हैं । गत आठ अप्रैल को पीड़ित अपने घर पर ही मौजूद था । इस दौरान आरोपी पीड़ित के घर में हथियार लेकर घुस आए । आरोप है कि इस दौरान उन्होंने पीड़ित के साथ अभद्रता करनी शुरू कर दी । पीड़ित के विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और उसकी हत्या की कोशिश भी की गई । शोर शराबा होने पर अन्य लोगों को आता हुआ देख आरोपी मौके से उसे हत्या की धमकी देकर भाग निकले । नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है । जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा ।