घटना स्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस।
- फोटो : AMAR UJALA
माई सिटी रिपोर्टर अनूपशहर। कोतवाली क्षेत्र के गांव पगौना में सोमवार देर रात मलकपुर रोड स्थित शिव मंदिर परिसर में रह रहे दो साधुओं की एक सिरफिरे नशेड़ी ने नृशंस हत्या कर दी। वहीं, जानकारी होने पर ग्रामीणों ने आरोपी को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं, साधुओं के डबल मर्डर की गूंज लखनऊ-दिल्ली तक सुनाई दे रही है। जानकारी के अनुसार मंदिर परिसर में साधु जगदीशदास उर्फ गंगादास (50) पुत्र गरीबदास मूल निवासी भदेसी आश्रम जनपद अलीगढ़ और शेर सिंह उर्फ सेवादास (28) मूल निवासी गांव कनौरा अलीगढ़ पिछले 15 वर्षों से मंदिर परिसर में ही रहते थे। चौकीदार अमीचंद ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह मंदिर की तरफ घूमने निकला था। जब वह मंदिर पहुंचा तो परिसर में एक तख्त पर दोनों साधुओं के शव लहुलुहान अवस्था में पड़े हुए थे। उसने पुलिस और अन्य ग्रामीणों को मामले की सूचना दी। जिससे क्षेत्र में आक्रोश पनप गया। उसने बताया कि उस दौरान उसने गांव निवासी आरोपी युवक मुरारी को मंदिर के पास से जाते हुए देखा था। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी ने बताया कि उसने मंदिर परिसर में ही पड़े डंडे से दोनों साधुओं की हत्या की है। पुलिस ने उक्त डंडा भी बरामद कर लिया है। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए हैं। पकड़े जाने के बाद आरोपी काफी ज्यादा भांग के नशे में था। आनन-फानन में अफसरों ने भी पहुंच कर मौका मुआयना किया और आला अफसरों को अवगत कराया। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। आरोपी के खिलाफ चौकीदार की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। दो दिन पूर्व चोरी हुआ था साधुओं का चिमटा जानकारी के अनुसार दो दिन पूर्व मंदिर परिसर से साधुओं का एक चिमटा चोरी हो गया था। जिसके बाद सोमवार को साधुओं का आरोपी मुरारी से इस बाबत विवाद भी हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने इसी विवाद के चलते दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है। सीएम के संज्ञान पर दौड़े अफसर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार सुबह घटना का संज्ञान लिया। साथ ही सीएम ने ट्विीटर पर ट्वीट कर डीएम रविंद्र कुमार व एसएसपी से तत्काल मौके पर पहुंचकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली तथा आरोपी से भी पूछताछ की है। इसके बाद उन्होंने आला अफसरों को भी अवगत कराया। कोट दोनों साधुओं की गांव निवासी आरोपी मुरारी ने हत्या की है। वह भांग आदि के नशे का आदी है। आरोपी ने मंदिर परिसर में ही रखे एक डंडे से दोनों साधुओं की हत्या की है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। - संतोष कुमार सिंह, एसएसपी