अहार। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार को आम तोडऩे के लिए पेड़ पर चढ़ी एक बच्ची पैर फिसलने से गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर अवस्था में हायर मेडिकल सेंटर जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं, बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार गांव मोहरसा निवासी पिंटू मंगलवार को चारा लेने खेत गया था। उसके साथ उसकी बेटी रीता (8) भी खेत आ गई। खेत पहुंचकर पिंटू चारा काटने लगा। इस दौरान खेलते खेलते रीता पड़ोस के एक ग्रामीण के आम के बाग में चली गई। आम तोडऩे के लिए रीता एक पेड़ पर चढ़ गई और पैर फिसलने से गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी चीख सुनकर पिता और आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। रीता के पिता गंभीर अवस्था में उसे जहांगीराबाद स्थित सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर मेडिकल सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, मामले में बिना पुलिस को जानकारी दिए बिना ही परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।