बहुजन समाजवादी पार्टी की ओर से नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित जिला स्तरीय भाईचारा सम्मेलन में पार्टी के दिग्गजों ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में पांचों विस सीटों पर बसपा का कब्जा होगा। इस दौरान पांचों विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं के साथ विधायक और जिला स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे।
शहर विधायक सुरेश बंसल ने दावा किया कि गाजियाबाद में विधानसभा चुनाव में सभी सीटों पर बसपा का कब्जा होगा। मुरादनगर से विधायक वहाब चौधरी ने कहा कि भाजपा ने पूरे देश को लाइन में खड़ा कर दिया है, जिसका जवाब जनता विस चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराकर देगी।
साहिबाबाद विधायक अमरपाल शर्मा ने कहा कि सपा सरकार से जनता दुखी है। हत्या, लूट और डकैती से जनता खौफ में जी रही है। लोनी विधायक जाकिर अली ने कहा कि पिछड़ा समाज बसपा के साथ है। सम्मेलन में मुख्य अतिथि संतराम जाटव रहे और अध्यक्षता अजीत पाल ने की।
सम्मेलन में पिछड़ी जाति के कोऑर्डिनेटर ने अपनी बात रखी और विधानसभा चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने की शपथ ली। इस मौके पर जिला अध्यक्ष प्रेमचंद भारती, जिला उपाध्यक्ष रियासुद्दीन सलमानी, मंडल कोऑर्डिनेटर कविंद्र चौधरी, श्यामवीर चौधरी, अमन दीप, अनुज मित्तल, गंगाशरण, दयाराम सैन, सिंह राज आदि मौजूद रहे।