मसूरी/गाजियाबाद। मसूरी थानाक्षेत्र स्थित नाहल झाल में पानी की तेज गति और गहराई अधिक होने के चलते लोगों के स्नान पर पाबंदी लगा दी। इसके बावजूद शुक्रवार शाम दोस्तों के साथ नाहल झाल में नहाने पहुंचा छात्र पानी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस और गोताखोर की टीमें छात्र की तलाश में जुटी हैं।
कार्यवाहक एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मसूरी निवासी मोहम्मद मुशाहिद का 18 वर्षीय बेटा मोहम्मद आरिश दोस्तों के साथ शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे नाहल झाल पर नहाने गया। नहर में नहाने के दौरान पानी के बहाव में मोम्मद आरिश बहने लगा। दोस्तों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। घटना की जानकारी मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एनडीआरएफ और गोताखोर की टीम बुलाई। दोनों टीम मोहम्मद आरिश को खोजने में जुट गई है। एसीपी ने बताया कि मोहम्मद आरिश आईएमएस कॉलेज में बीएससी नर्सिंग फाइनल का छात्र है। गौरतलब है कि देहात जोन पुलिस ने नाहल झाल में नहाने पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद लोग वहां पर कैसे पहुंच जाते हैं।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि शुक्रवार शाम नाहल झाल में 16 वर्षीय किशोर का शव पानी में बहकर आया। उसे नाहल चौकी पुलिस ने पानी से बाहर निकालकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। हालांकि पहचान नहीं हो सकी। संभावना जताई जा रही है कि गंगनहर से शव बहता हुआ आया है। शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है, फिलहाल मोर्चरी पर रखवा दिया गया है।