गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मजदूर की मौत के मामले में मजदूर को भाई बनाकर नौकरी लगवाने और हत्या के करने बाद मुआवजा लेने का दबाव बनाने की बात सामने आई है। घटना फरवरी 2020 की है। आरोपी बिल्डर पर अब मुआवजा के लिए दबाव बना रहे हैं। मामले में बिल्डर के प्रोजेक्ट मैनेजर ने विजयनगर थाने में केस दर्ज कराया है।
मैनेजर संजीव कोहनी का कहना है कि 20 फरवरी 2020 में मॉर्डन कंस्ट्रक्शन की साइट पर 26वीं मंजिल से गिरकर सर्वेश नाम के मजदूर की मौत हो गई थी। सर्वेश को उसके भाई कुन्नूलाल ने नौकरी पर रखवाया था और उसका आधार कार्ड भी जमा किया था। आधार कार्ड में फोटो साफ नहीं था। मामले में कंपनी की ओर से कुन्नूलाल को मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया की जा रही थी। इसी दौरान कुछ दिन बाद मजदूरों ने 26वीं मंजिल पर जाकर देखा तो वहां खून पड़ा था और खून से सना एक लोहे का एक पाइप भी पड़ा मिला। इसके बाद मामला में हत्या का केस दर्ज हुआ। बाद में पता चला कि जिसकी मौत हुई थी वह सर्वेश नहीं था, बल्कि उसे सर्वेश के नाम से नौकरी पर रखवाया गया था। मरने वाले की शिनाख्त नहीं हो सकी है। संजीव का कहना है कि घटना वाले दिन 26वीं मंजिल पर कुन्नूलाल, ओमप्रकाश और सर्वेश ही काम कर रहे थे। मामले में पुलिस ने जांच के बाद दोनों को जेल भेज दिया था। जेल से बाहर आने के बाद अब दोनों मिलकर उनसे रुपयों की मांग कर रहे हैं और नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। मामले में उन्होंने कुन्नू लाल और ओमप्रकाश के खिलाफ केस दर्ज कराया है। एसीपी नगर सुजीत राय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।