सड़क हादसे में चालक मोहम्मद कैफ की मौत
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्रांतर्गत एनएच नौ जिला जेल कट के सामने खराब केन्टर को गाजियाबाद से हापुड़ खींचकर ले जा रहे केन्टर चालक की दोनों गाड़ियों के बीच दबकर मृत्यु हो गई जबकि दो चालक घायल हो गये।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सड़क हादसे में केन्टर चालक की अस्पताल में मौत हो गई जबकि दो घायलों का उपचार चल रहा है। एनएच नौ पर गाजियाबाद से हापुड़ जाने वाले रोड पर जेल कट के सामने बृहस्पतिवार सुबह छह बजे एक सड़क हादसा हो गया।
खराब केंटर दूसरी केन्टर से रस्सी बांधकर खींचकर ले जाते समय अचानक रस्सी टूट गई, जिसे दोबारा बांधते हुये पीछे से आ रही तीसरी केन्टर ने टक्कर मार दी। जिससे रस्सी बांध रहे केन्टर चालक मोहम्मद कैफ 25 पुत्र शमशाद निवासी ग्राम खिचरा धौलाना हापुड़ व अमरनाथ तथा पीछे से आई तीसरे केन्टर चालक संदीप 40 पुत्र रामजस पांडे निवासी मोतीनगर दिल्ली घायल हो गये।
मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से मौहम्मद कैफ को पिलखुआ के रामा अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि संदीप और अमरनाथ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना में भर्ती कराया गया। मोहम्मद कैफ की इलाज के दौरान रामा अस्पताल में मृत्यु हो गई।
पुलिस ने कैफ के शव को मेडिकल परिक्षण के लिए भेजा। दुर्घटना के बाद एनएच नौ पर जाम लग गया, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों वाहनों को हटवाकर एक साइड किया, जिससे यातायात सुचारू हो सका। एसीपी ने बताया कि अभी किसी की कोई शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जायेगी। तीनों केन्टर पुलिस ने कब्जे में ले लिये हैं।