जीटी रोड पर दोपहर दो बजे हुई तेज बारिश से गुजरते वाहन। संवाद
गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र में शनिवार को हुई हल्की बारिश ने ही जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। मुख्य सड़कों पर पानी भरने से हालात बिगड़ गए और जगह-जगह बने गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण सड़क पर मौजूद गड्ढे दिखाई नहीं दिए। इनमें कई बाइक सवार गिरने से बाल-बाल बचे।
स्थानीय निवासी आकाश का कहना है कि इलाके की सड़कों पर कई जगह गड्ढे हैं। हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी भर गया, जिससे स्थिति और खतरनाक हो गई। उन्होंने बताया कि बारिश से पहले नालों की सफाई का कार्य भी पूरा नहीं किया गया। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि अभी यह हाल है तो मानसून के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है।
एक अन्य निवासी अमित कसाना ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र के नालों की सफाई नहीं हुई है। डायट कार्यालय के सामने गोबर बहकर नाले में जाने से नाला अक्सर चोक रहता है। इससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और बढ़ जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन समाधान नहीं किया जा रहा।
इस संबंध में जलकल के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर नालों की सफाई कराई जाएगी। साथ ही जहां आवश्यकता होगी, वहां पानी निकासी के लिए मोटर भी लगाई जाएगी।