गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र के राजनगर के रहने वाले राकेश कुमार त्यागी ने एक दंपती ने 2.63 करोड़ रुपये हड़प लिए। आरोप है कि अनुराग ने पहले अपने साथी राजीव के साथ मिलकर ठेकेदारी के नाम पर 3.39 करोड़ रुपये उधार लिए। इसके बाद इन्हें लौटाने के नाम पर अनुराग ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर अपनी 43 बीघा जमीन का 8.20 करोड़ में सौदा करके 2.63 करोड़ रुपये हड़प लिए। जमीन का सौदा अनुराग ने फर्जी फर्द दिखाकर किया, जिसका पता बैनामा कराने के दौरान हुआ।
राकेश कुमार त्यागी का कहना है कि 2003 में उन्होंने अनुराग से बसंतपुर में जमीन खरीदी थी। तभी से उनकी जान पहचान है। अनुराग ने अपने साथी राजीव के साथ मिलकर पहले उनसे ठेकेदारी करने के लिए 10 लाख रुपये उधार लिए। जो तय समय में लौटा दिए। इसके बाद फिर अनुराग ने कई बार में 3.39 करोड़ रुपये लिए जो काफी समय तक नहीं लौटाए। उन्होंने अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भी भिजवाए तो अनुराग अपनी पत्नी के साथ उनके घर आया और कहा कि 3.39 करोड़ का आधा हिस्सा अनुराग और आधा हिस्सा राजीव देगा। इसके बाद उनके बीच 1.69 करोड़ रुपये लौटाना का वादा हुआ लेकिन अनुराग ने उन्हें केवल 26 लाख रुपये लौटाए और बाकी 1.43 करोड़ के बदले उसने अपनी 43 बीघा जमीन का सौदा 8.20 करोड़ में किया।
इसमें से उन्होंने 1.43 करोड़ रुपये कम करके बैनामे के तौर पर 1.20 करोड़ रुपये दे दिए। अनुराग ने उन्हें जमीन की एक सत्यापित फर्द भी दी थी। बैनामा कराने के दौरान पता चला कि फर्द फर्जी है। अनुराग ने पत्नी के साथ मिलकर उनसे धोखाधड़ी कर और रकम ऐंठ ली। राकेश का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने कोर्ट का सहारा लेकर अनुराग और मृदुला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।