स्टेशन पर बंदरों ने शनिवार को रेलवे का न केवल हजारों का नुकसान कर दिया, बल्कि करीब आधे घंटे तक कर्मचारियों को छकाया भी। बंदर रेलवे की एक महिला बुकिंग क्लर्क से टिकटों का रोल छीन ले गए।
रोल लेकर बंदर स्टेशन की छत पर चढ़ गए और कई टिकट फाड़ डाले। करीब 20 से 25 मिनट बाद बंदरों ने रोल छोड़ा तो कर्मचारियों ने उसे उतारकर बुकिंग क्लर्क को दिया। इस दौरान बिना टिकट के काउंटर भी नहीं खोला जा सका।
वाकया सुबह करीब सात बजे का है। बुकिंग क्लर्क सीमा टिकट रोल लेकर भूड़ भारत नगर काउंटर पर जा रही थी। फुट ओवर ब्रिज पर बंदरों ने थैले में रखा टिकट रोल छीन लिया। उन्होंने शोर मचाया तो लोग बंदर की ओर दौड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बंदर टिकट रोल लेकर स्टेशन की छत पर चढ़ गए।
उन्होंने रोल को फाड़ना शुरू कर दिया। सफाई कर्मचारियों ने बंदर से रोल छुड़ाने का प्रयास किया तो बंदर एक छत से दूसरी पर जा पहुंचे। काफी देर बाद बंदरों ने रोल छोड़ा तो टिकट लेकर क्लर्क ने काउंटर पर काम शुरू किया। रेलवे के बुकिंग इंचार्ज मांगे लाल ने बताया कि बंदरों ने चार-पांच टिकट फाड़ दिए।
हालांकि बाकी टिकट बच गए। फटे हुए टिकट भी मिल गए हैं, लेकिन अगर इनमें से भी कोई टिकट गायब मिला तो संबंधित बुकिंग क्लर्क को पैसा अपने पास से भरना पड़ सकता है।
स्टेशन क्षेत्र में पहले भी आतंक मचा चुके बंदर
बीते साल प्लेटफार्म नंबर-3 पर छह साल की बच्ची को काटा
जनवरी 2015 - एक युवती से स्मार्ट फोन छीनकर तोड़ा
जुलाई 2015- बंदर के बच्चे को करंट लगने पर बंदरों ने स्टेशन पर आवागमन रोका
नवंबर 2015- एक बीमार व्यक्ति से दवा की पॉलिथीन छीन ले गए
महिला से पर्स छीनकर बंदरों ने नोटों की बारिश की