मसूरी। नाहल झाल गंगनहर में रविवार को डूबे 32 वर्षीय शादाब का शव दो दिन बाद मंगलवार दोपहर बरामद कर लिया गया। शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर गंगनहर के एनएच-9 पुल के पास मिला। पुलिस ने परिजनों के अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिया।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि नाहल के मोहल्ला खाकियान निवासी शादाब रविवार दोपहर करीब चार बजे दो दोस्तों के साथ गंगनहर में नहा रहा था। तेज बहाव में वह बह गया और डूब गया। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पीएसी के गोताखोरों के साथ परिजन भी उसकी तलाश में जुटे थे।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे मसूरी रेलवे पुल के पास गंगनहर में एक शव बहता दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया, परिजनों ने उसकी पहचान शादाब के रूप में की।
तलाश के दौरान चचेरा भाई घायल
शादाब की तलाश के दौरान उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई वकार भी गंगनहर में कूद गया। पानी में कूदते समय उसका सिर पत्थर से टकरा गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला और मसूरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे पिलखुवा के रामा अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।