नोएडा के सर्फाबाद निवासी बॉबी यादव ने बताया कि उन्होंने एक जुलाई को अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल उठाकर यात्रा शुरू की थी। उन्होंने भगवान शिव से संकल्प लिया है कि वह 201 लीटर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे और जलाभिषेक कर प्रदेश में सुख-समृद्धि तथा अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने की प्रार्थना करेंगे। उनके साथ रिंकू, मोनू, हर्ष, राज, लविश समेत कई साथी भी यात्रा में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल व्यक्तिगत आस्था ही नहीं, बल्कि उनके संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि हरिद्वार से 201 लीटर गंगाजल लेकर निकली इस विशेष कांवड़ के साथ उन्होंने अपने रेसलिंग प्रतियोगिताओं में जीते गए पदकों को भी वाहन पर प्रदर्शित किया है।
ऐसे में बॉबी यादव की यह विशेष कांवड़ श्रद्धालुओं और राहगीरों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी रही। उनका कहना है कि खेल और आस्था दोनों उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वह चाहते हैं कि युवाओं को खेलों के साथ धार्मिक और सामाजिक मूल्यों से भी जुड़ना चाहिए।