विद्यावती मुकंदलाल गर्ल्स कॉलेज में रक्तदान मेला
- फोटो : अमर उजाला
विद्यावती मुकन्दलाल गर्ल्स कॉलेज, गाजियाबाद में आज महाविद्यालय के संस्थापक स्व० सेठ जयप्रकाश के पिता स्व० मुकन्दलाल के जन्म दिवस के मौके पर संस्थापक दिवस और 47वें रक्तदान मेले का आयोजन किया गया। रक्तदान मेला भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, नई दिल्ली एवं एम०एम०जी० अस्पताल, गाजियाबाद के कुशल निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ हवन, पूजन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के प्रबंधन की तरफ से संस्थापक परिवार की मूर्तियों पर माल्यार्पण व उनको श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गयी। रक्तदान मेले का प्रारम्भ मातृ शक्ति को प्रदर्शित करती हुई प्रथम रक्तदाता सविता, दूसरे रक्तदाता डॉ० पंकज कुमार डेढ़ा और तीसरे रक्तदाता विनीत के द्वारा दीप जलाने के साथ प्रारम्भ हुआ।
महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या प्रो० (डॉ०) रचना प्रसाद ने अपने संबोधन द्वारा प्रबंधन के अध्यक्ष सेठ अशोक कुमार, सचिव अनुराग सिंघल एवं उनके परिवार के उपस्थित समस्त सदस्यों का स्वागत किया। रक्तदान मेले में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए प्राचार्या ने कहा कि स्व० सेठ जयप्रकाश ने अपनी पुत्री नीलम की शिक्षा के लिए इस महाविद्यालय की स्थापना की, जो आज महिला शिक्षा का एक विशाल एवं आदर्श केन्द्र बन चुका है।
रक्तदान मेला प्रभारी, प्रो० शशि मलिक ने रक्तदान के महत्व से लोगों को जागरूक कराया। प्रतियोगिता प्रभारी, प्रो० उमा जोशी के निर्देशन में रक्तदान के महत्व से सम्बन्धित विभिन्न प्रतियोगिताएँ जैसे-पोस्टर, स्लोगन, निबन्ध, कहानी लेखन आदि आयोजित की गई और विजयी छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। संस्थापक दिवस के अवसर पर विशाल प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।