गाजियाबाद। विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान रविवार को अधिकांश बूथों से बीएलओ फिर नदारद रहे। जिन बूथों पर पांच से सात बीएलओ की ड्यूटी थी, वहां एक-दो बीएलओ पहुंचे। मतदाताओं को वापस लौटना पड़ा । इससे पहले पिछले रविवार को भी काफी बीएलओ गैर हाजिर रहे थे।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और शिक्षकों ने बीएलओ ड्यूटी का विरोध किया, हालांकि अन्य सरकारी विभाग के लोग बीएलओ ड्यूटी में पहुंचे। राजनगर के इंग्राहम स्कूल पर सात बीएलओ की ड्यूटी थी, इनमें महज तीन लोग पहुंचे।
उनकी अनुपस्थिति से नाराज डीएम ने सभी गैरहाजिर बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। डीएम निधि केसरवानी ने खुद भी रविवार को कई बूथों का निरीक्षण किया।
आश्रय स्थल विवेकानंद नगर में निरीक्षण के दौरान नगर निगम के लिपिक विपिन कुमार और महानंद मिशन हायर सेकेंड्री स्कूल मॉडल टाउन में तैनात सहायक अध्यापिका सुरेश कुमारी बीएलओ ड्यूटी से अनुपस्थित मिली।
डीएम ने दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के आदेश दिए हैं। उन्होंनेे रविवार को शंभूदयाल डिग्री कालेज मतदान केंद्र के 07 बूथों, शंभूदयाल इंटर कालेज के 09 बूथों सुशीला इंटर कालेज के मतदान केन्द्र पर 07 बूथों तथा मानव संस्कार केंद्र मतदान केन्द्र के 06 बूथों पर औचक निरीक्षण किया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि बूथों पर न पहुंचने वाले सभी बीएलओ के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। दूसरी ओर गोविंदपुरम में एक बूथ पर 13 बीएलओ की ड्यूटी थी, जिसमें से महज 4 बीएलओ ही पहुंचे थे।
मौके पर पहुंचे पार्षद अनिल चौधरी की उपस्थित बीएलओ से झड़प भी हुई। अनिल चौधरी ने कहा कि बीएलओ न तो घर-घर जाते हैं और न बूथ पर बैठ रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों मतदाता पहचान पत्र नहीं बन रहे हैं। पार्षद ने डीएम को फोन कर मामले की सूचना दी। डीएम ने जांच कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
पोलियो अभियान हुआ प्रभावित, बच्चों ने पिलाई ड्राप
गाजियाबाद। आंगनबाड़ी और आशा के धरना प्रदर्शन से रविवार को पोलियो अभियान भी प्रभावित हुआ। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के पोलियो ड्यूटी न किए जाने पर स्वास्थ्य विभाग ने यह काम नाबालिग बच्चों से कराया। डी ब्लॉक गोविंदपुरम में पोलियो अभियान के दौरान 15 वर्षीय बच्चे ने ड्रॉप पिलाई।