गाजियाबाद। भाजपा में टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों के नामों को कोर कमेटी ने शॉर्ट लिस्ट कर लिया है। बुधवार को हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में पार्षदों और सभासद टिकट के दावेदारों के नामों पर मंथन हुआ। निकाय चुनाव प्रभारी व राज्यमंत्री असीम अरुण और सह प्रभारी एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त की मौजूदगी में कोर कमेटी ने प्रत्येक वार्ड से सबसे मजबूत तीन-तीन दावेदारों के नाम लिफाफे में बंद कर दिए हैं। इससे पहले मंगलवार को महापौर और निकायों के अध्यक्ष पद के दावेदारों के नामों पर मंथन किया गया था।
भाजपा की कोर कमेटी ने महापौर टिकट के 34 दावेदारों में से छंटनी कर पांच दावेदारों के नाम तय कर लिए हैं। इन पांच नामों में ब्राह्मण, वैश्य, पंजाबी के दावेदारों के नाम प्रमुखता से शामिल किए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि महिला सीट भाजपा की ओर से इन्हीं वर्ग में से किसी एक वर्ग के उम्मीदवार को चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि इन पांच नामों को प्रदेश संगठन के पास भेजा जाएगा। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के टिकट के दावेदारों में से तीन-तीन नाम प्रदेश अध्यक्ष के पास भेजे जाएंगे। प्रदेश संगठन और निकाय चुनाव प्रभारी इन नामाें पर मंथन करेंगे। इसके बाद नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों के नाम लखनऊ से ही तय कर दिए जाएंगे, जबकि मेयर पद के टिकट के दावेदारों के पांच नाम में से दो के नाम लेकर प्रदेश संगठन दिल्ली में पार्लियामेंट्री कमेटी के पास जाएगा। भाजपा की केंद्रीय समिति इनमें से एक नाम पर मुहर लगाकर उम्मीदवार तय करेगी।
नगर निगम के पार्षद और नगर पालिका व नगर पंचायतों के सभासद पद के टिकट के दावेदारों के तीन-तीन नाम चयनित कर क्षेत्रीय संगठन के पास बृहस्पतिवार तक भेज दिए जाएंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया और चुनाव प्रभारी असीम अरुण इन पर मंथन कर प्रदेश हाईकमान को एक-एक नाम भेज देंगे। प्रदेश संगठन उम्मीदवारों के इन नामों पर अंतिम मुहर लगाएगा।
22 को हो सकती है मेयर प्रत्याशी की घोषणा
भाजपा के मेयर प्रत्याशी की घोषणा सबसे बाद में होगी। 22 अप्रैल की शाम या 23 अप्रैल की सुबह तक पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जा सकती है। हालांकि नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों, पार्षद व सभासद पद के प्रत्याशियों के नामों की सूची पार्टी संगठन 21 तक जारी कर सकता है।