गोविंदपुरम अनाज मंडी स्थित मतगणना स्थल पर पहुंचीं सुनीता दयाल ने सुबह ही तीन लाख वोटों से जीत होने का दावा कर दिया था। शाम होते-होते आंकड़ा तीन लाख के करीब ही पहुंच गया। नवनिर्वाचित महापौर सुनीता दयाल ने कहा हर घर नल से जल पहली प्राथमिकता है। जल भराव की समस्या जल्द से जल्द दूर की जाएगी। सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह भी मतगणना स्थल पहुंचे। वीके सिंह ने कहा भाजपा सबका साथ सबका विकास को मूलमंत्र मानकर काम करती है। जिसका परिणाम आज सामने है।
जमानत नहीं बचा पाए मेयर पद के 11 प्रत्याशी
भाजपा की सुनीता दयाल को छोड़कर बसपा की प्रत्याशी निसारा खान, कांग्रेस की पुष्पा रावत, सपा-गठबंधन की प्रत्याशी पूनम यादव, आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी जानकी जगत बिष्ट समेत अन्य सभी 11 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है। जमानत राशि बचाने के लिए उन्हें इस चुनाव में हुए मतदान का 1/5 हिस्सा वोटों की जरूरत थी, 11 प्रत्याशी इस आंकड़े को नहीं छू पाए।