25 सिलिंडर फटे, 62 मौके से मिले
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि टेंपो में लदे सिलिंडरों के अलावा आशु के मकान में भी काफी सिलिंडर मौजूद थे। आग लगने से 25 सिलिंडर फट गए, जबकि मौके से रेस्क्यू कर 62 सिलिंडर अभी तक मिले हैं। मलबा हटाने के बाद स्थिति साफ हो सकेगी। फटे सिलिंडरों के टुकड़े दूर जाकर गिरे। जो सिलिंडर नहीं फटे थे उन्हें मौके से हटा दिया गया, इस वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया।
वाहन और बल्लियां लगाकर रास्ता बंद किया
आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। ऐसे में आसपास के मकानों को खाली कराने में पुलिस को काफी परेशानी हुई। पुलिस ने लोगों को समझाकर आसपास का इलाका खाली कराया और घटना स्थल की ओर आने वाले रास्तों पर बल्लियां और वाहन लगाकर रास्ता बंद कर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चार साल से चल रहा था अवैध कारोबार
आसपास के लोगों ने बताया कि आशु पिछले करीब चार वर्ष से गैस रिफलिंग का काम कर रहा था। मकान काफी बड़ा है, जिसमें सिलिंडरों से भरी गाड़ी अंदर ही चली जाती है। गाड़ी अंदर बुलाकर आशु गेट बंद कर लेता था और गैस रिफलिंग करता था।
पुलिस संरक्षण प्राप्त था
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि पुलिस का आशु के घर आना जाना था। लोगों का आरोप है कि पुलिस को गैस रिफलिंग की जानकारी थी। पुलिस के संरक्षण से आशु खुलेआम काम कर रहा था। कई बार पुलिस से मौखिक शिकायत की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आशु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। आपूर्ति विभाग को इसकी सूचना दे दी गई है। पुलिस और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। -सुजीत राय, एसीपी नगर