गाजियाबाद। शहर की महत्वाकांक्षी बायोडायवर्सिटी पार्क योजना को बृहस्पतिवार को शासन से औपचारिक स्वीकृति मिल गई। इसके साथ ही योजना पर काम शुरू करने के लिए प्रस्तावित लागत की पहली किस्त भी जारी कर दी गई। करीब 60 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस पार्क में 38 सुविधाओं को विकसित किया जाएगा।
बायोडायवर्सिटी पार्क योजना कई वर्षों से लंबित है। इसको शासन से स्वीकृति नहीं मिल पाने के कारण काम शुरू नहीं हो पाया था। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पार्क को स्वीकृति देते हुए 2.57 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। महामाया स्टेडियम के पीछे बनने वाले इस पार्क में एसटीपी का निर्माण भी किया जाएगा, जिसमें सीवर का पानी ट्रीट कर पौधों के उपयोग में लाया जाएगा। इसमें एक रिसर्च सेंटर का प्रावधान भी किया गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि शहर वासियों को जल्द ही इस पार्क की सुविधा मिल जाएगी। इसमें 400 से 450 प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इनमें औषधीय पौधों की अलग-अलग किस्में होंगी। उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार ने बताया कि बायोडायवर्सिटी फॉरेस्ट का आनंद गाजियाबाद और आसपास के शहर के लोग उठा पाएंगे।