मोदीनगर। हापुड़ मार्ग स्थित विद्यापुर रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने रविववार रात स्टोर संचालक शिवांग गुप्ता को गोली मार दी। शिवांग गुप्ता को उपचार के लिए नोएडा भर्ती कराया गया। शिंवाग महिला मित्र के साथ स्कूटी पर जा रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। तिबड़ा मार्ग स्थित बाग कालोनी निवासी मुकेश गुप्ता के पुत्र शिवांग गुप्ता का राज चौपला पर मेडिकल स्टोर है। मुकेश गुप्ता ने बताया कि एक रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए वह परिवार सहित रविवार शाम मुजफ्फरनगर चले गए। शिवांग घर पर ही रह गया। बताया कि लगभग आठ बजे शिवांग अपनी महिला मित्र के साथ स्कूटी से नगर के विद्यापुर मार्ग पर चला गया। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से बाइक सवार हमलावरों ने ओवरटेक कर स्कूटी रोक ली। इसके बाद आरोपियों ने ताबड़तोड़ फायर किए। गोली शिवांग को जा लगी। गोली लगते ही शिवांग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। हमलावर हथियार हवा में लहराते हुए फरार हो गए। सूचना पर एसीपी मोदीनगर ज्ञान प्रकाश राय व एसएचओ सुभाष पांडेय ने हमलावरों की तलाश में कांबिंग की। एसीपी ने बताया कि शिवांग को एक गोली लगने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से हमलावरों की पहचान की जा रही है। अभी घटना की तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिवांग के पिता मुकेश गुप्ता पर भी 2006 में फायरिंग की गई थी।