लगातार लेट हो रहा नगर निगम का सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का प्रोजेक्ट अब पूरा हो गया है। प्रताप विहार में बनाए गए इस प्लांट को चार अक्तूबर को चालू करने की तैयारी की जा रही है। प्लांट में बिजली कनेक्शन लग जाने के बाद मशीनों की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है।
सोमवार को महापौर अशु वर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके यादव को प्लांट में बाकी बचे काम जल्द से जल्द पूरे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बार-बार इस प्रोजेक्ट को लेट किए जाने पर नाराजगी जताई।
इस पर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्लांट के लिए बिजली कनेक्शन लेने के बाद अब मशीनों तक बिजली फिटिंग कराकर उनकी टेस्टिंग कराई जा रही है। एक अक्तूबर तक यह काम पूरा हो जाएगा।
इसके बाद दो दिन प्लांट का ट्रायल किया जाएगा। महापौर ने बताया कि फिलहाल चार अक्तूबर को प्लांट का शुभारंभ करने की प्लानिंग है। उन्होंने बताया कि इस प्लांट से प्रतिदिन करीब 300 मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर खाद तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद जल्द ही अन्य क्षेत्रों में ऐसे प्लांट लगाने की भी योजना तैयार की जा रही है।