विजयनगर पुलिस ने रविवार को एक वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया। तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनसे 10 बाइक बरामद कीं। मौज मस्ती के लिए वाहन चुराने वाले इस गैंग के निशाने पर पार्किंग से अलग खड़ी बाइकें होती थीं।
चोरी के वाहन बेचने के लिए झूठ बोलते थे कि उनकी मां बीमार है, इलाज के पैसों के लिए सस्ते में बाइक बेच रहे हैं। सीओ प्रथम इंद्रपाल यादव ने बताया कि पकड़े गए वाहन चोर पवन जाट, निवासी किशनपुर, थाना छजलेट जिला मुरादाबाद, हाल पता- गोल चक्कर, विजयनगर, मोहर सिंह निवासी हटहुआ, कोतवाली गुन्नौर, जिला बदायूं और सचिन निवासी सजवान नगर, विजयनगर हैं।
इन्हें साबेरी पुलिया के पास से चेकिंग के दौरान शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया। एसओ विजयनगर सुुरेंद्र यादव ने बताया कि यह गैंग 100 से ज्यादा दोपहिया वाहन चोरी कर चुका है। तीनों चोर एक बाइक पर मास्टर चाभी लेकर चलते थे।
मॉल, मल्टीप्लेक्स और बाजारों में पार्किंग से अलग खड़ी बाइकों को चुराकर रफूचक्कर हो जाते थे। 5 से 7 हजार रुपये में चोरी के वाहन बेच देते थे। वाहनों को विजयनगर में कार्बन फैक्ट्री के पास झाड़ियों में छिपाकर रखते थे, जहां से इनकी निशानदेही पर बाइकें बरामद की गईं।
वाहन चोरी के आरोप में तीनों पहले भी जेल चुके हैं। पिछली बार इनसे पुलिस ने 20 बाइकें बरामद की थीं। हाल ही में जेल से छूटे हैं, छूटते ही फिर से वाहन चोरी शुरू कर दी। 13 मई 2016 को इन्होंने विजयनगर से बाइक चोरी की थी, तभी से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी।
बिना आरसी वाली बाइक कटवाते थे
एसओ विजयनगर ने बताया कि जिस बाइक में रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) मिल जाता था, उसे बेच देते थे, जिसमें आरसी नहीं मिलती थी उसे मेरठ में कटवा देते थे।