मोदीनगर। बिजली कटौती और रोस्टिंग शेड्यूल से नाराज गांव काजमपुर के ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार रात सीकरी रोड स्थित बिजली घर पर जमकर हंगामा काटा। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली घर पर तैनात सब स्टेशन ऑफीसर (एसएसओ) सहित दो बिजली कर्मियों से मारपीट की।
साथ ही बिजलीघर में रखा सरकारी मोबाइल तोड़ने के साथ लॉगशीट फाड़ दी। बिजलीघर पर तैनात लाइनमैन की ओर से एक नामजद सहित सात अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। जबकि कोतवाली प्रभारी ने तहरीर आने पर कार्रवाई की बात कही है।
गांव काजमपुर के बिजली कटौती और रोस्टिंग के शेड्यूल से नाराज दर्जन भर ग्रामीण बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे बिजलीघर पहुंचे। ग्रामीणों ने एसएसओ गुड्डू चौधरी से लाइन जोड़ने को कहा।
शेड्यूल के कारण बिजली जोड़ने से इंकार करने से गुस्साए लाइनमैन चंदन को उसके घर से उठाकर बिजलीघर ले आए। ग्रामीणों ने लाइनमैन से जबरन फीडर से गांव की लाइट जुड़वाई और चलते बने।
एसडीओ रजनीश ने बताया कि कंट्रोल रूम से निर्धारित सप्लाई से अधिक खपत होने और शेड्यूल के मुताबिक लाइट दिए जाने के आदेश आने पर लाइनमैन ने फिर से लाइट काट दी। बिजली जाने के बाद फिर से पहुंचे ग्रामीणों ने लाइट जोड़ने की बात कही।
लाइनमैन के मना करने पर ग्रामीणों ने हंगामा और मारपीट कर कार्यालय में रखा मोबाइल तोड़ने के साथ लॉगशीट फाड़ दी। लाइनमैन चंदन ने सात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा का कहना है कि इस संबंध में तहरीर आई तो कार्रवाई होगी।