साहिबाबाद। बैंकों में 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल के एलान को देखते हुए रविवार को जिलेभर में बैंक खुले रहे। छुट्टी के दिन बैंक खुलने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता जरूरी काम निपटाने पहुंचे। लोगों ने लेनदेन, चेक जमा करने, खाते से जुड़े काम और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य पूरे किए।
वसुंधरा स्थित एसबीआई की कर्मचारी लीला नेे बताया कि बैंक कर्मचारियों के संगठनों के संयुक्त मंच यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान किया था। हालांकि, देर रात हड़ताल टाल दी गई।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सरकार की ओर से प्रस्तावित नए परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव व्यवस्था को वापस लेना और उस पर यूनियनों के साथ बातचीत करना शामिल है।
इसके अलावा पेंशन में सुधार, सभी पेंशनरों के लिए समान महंगाई भत्ता व्यवस्था और एनपीएस से जुड़े कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का विकल्प देने जैसी मांगें भी उठाई गई हैं।
वैशाली स्थित पीएनबी के कर्मचारी नरेश ने बताया कि रविवार को बैंक खोलने का उद्देश्य हड़ताल से पहले ग्राहकों को जरूरी बैंकिंग कार्य पूरा करने का अवसर देना था। यह फैसला सरकार और आरबीआई की ओर से ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया।