गाजियाबाद। आरडीसी स्थित बहुजन समाज पार्टी के जिला कार्यालय में रविवार को आयोजित राजनीतिक बैठक व सम्मान समारोह में मुस्लिम समाज के प्रमुख नेता अजीम पठान ने समर्थकों के साथ बसपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
समारोह में जिलाध्यक्ष मनोज जाटव, विधानसभा प्रभारी पंकज शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने अजीम पठान का फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान बसपा नेता दयाराम सैन ने कहा कि प्रदेश की जनता आज भी बसपा सरकार के कार्यकाल की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को याद करती है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न वर्गों का बढ़ता समर्थन इस बात का संकेत है कि लोग बदलाव चाहते हैं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि मुस्लिम समाज सहित विभिन्न समुदायों का बसपा के प्रति बढ़ता विश्वास संगठन को और मजबूत करेगा। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को 2007 जैसा जनसमर्थन मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के अंत में नए सदस्यों ने पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान वरिष्ठ नेता मुनव्वर चौधरी, मोहम्मद असलम, सलीम अल्वी, मुख्य महासचिव लेखराज बौद्ध, राजबहादुर, सोनू आनंद, प्रदीप कुमार और मनोज तिलकधारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।