आजम ने जेल में अपने खराब समय को कोसा
जेलर किशोर कुमार दीक्षित ने बताया कि आजम खां को दोपहर करीब 1:30 बजे जिला कारागार लाया गया था। शुरुआत में उन्होंने क्वारंटाइन रूम की व्यवस्था पर नाराजगी जताई और उसमें बेड लगाने की मांग की। हालांकि जेल के नियमों का हवाला देते हुए प्रबंधन ने उन्हें बेड उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया। इस पर आजम खां ने नाराजगी जताई और अपने खराब समय को कोसा।
जरूरी दवाइयां दी गईं
जेल प्रबंधन के मुताबिक, रामपुर जेल से मिली सात लाइन की मेडिकल रिपोर्ट और साथ लाई गई पुरानी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आजम खां को लीवर और हृदय संबंधी बीमारी की दवाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। सोमवार को जेल की चिकित्सा टीम उनका स्वास्थ्य परीक्षण करेगी। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उन्हें जरूरत की दवाएं और कमर दर्द से संबंधित जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया जा सकता है।
समर्थकों ने दिए कंबल और चादर
जेल प्रबंधन के अनुसार, आजम खां के साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी जिला कारागार पहुंचे थे। समर्थकों ने उन्हें कई सामान और उपहार दिए, जिन्हें नियमानुसार लॉकर में रखवा दिया गया। जेल का कंबल और चादर इस्तेमाल नहीं करने की जिद पर उन्हें समर्थकों की ओर से लाया गया कंबल और चादर उपलब्ध कराए गए।