गाजियाबाद। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना के सांसद चंद्रशेखर मंगलवार को एमपी एमएलए की विशेष कोर्ट में पेश हुए। मामला वर्ष 2018 में साहिबाबाद थाना क्षेत्र का है, जब उनके एवं अन्य लोगों के खिलाफ वादी ने मारपीट एवं गाली-गलौज करने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले में वे वारंट रिकॉल कराने न्यायालय पहुंचे।
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र ने वर्ष 2018 में थाना साहिबाबाद में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद, गुलजार सिद्दीकी एवं अन्य लोगों के खिलाफ गाली-गलौज करने एवं मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस आधार पर सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। मामला एमपी एमएलए की विशेष अदालत में विचाराधीन है। अदालत ने चंद्रशेखर आजाद को इस मामले में पेश होने के लिए नोटिस भेजा था, लेकिन वे हाजिर नहीं हुए। इसके बाद उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। इसी को लेकर मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर एक बजे के करीब कोर्ट अपने अधिवक्ता के साथ वारंट रिकॉल कराने के पहुंचे। उनके साथ पार्टी के कुछ कार्यकर्ता भी थे। उन्होंने अपने अधिवक्ता के माध्यम से लोअर कोर्ट में वारंट रिकॉल कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। अदालत ने प्रार्थना पत्र स्वीकार कर सुनवाई करने के बाद 11 जून की अगली तारीख नियत की है।