गाजियाबाद। नोएडा से ड्यूटी करके लौट रहे मोदीनगर निवासी मनोज कुमार घर जाने के लिए सुबह साढ़े चार बजे मेरठ मोड़ से ऑटो में सवार हुए। आरोप है कि चालक और उसका साथी मनोज को अंधेरे में ले गए और चाकू से डराकर पर्स, नकदी और मोबाइल लूट लिए। आरोपियों ने धमकी देकर पीड़ित से मोबाइल का पासवर्ड लिखवाया और भाग गए।
मनोज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एक निजी कंपनी के एचआर विभाग में नौकरी करते हैं। रात की शिफ्ट की ड्यूटी खत्म कर सुबह चार बजे नोएडा से घर के लिए निकले। करीब पौने पांच बजे वह मेट्रो स्टेशन के नजदीक मेरठ मोड़ पर ऑटो का इंतजार करने लगे। इसी दौरान एक चालक ऑटो लेकर उनके पास आया और मोदीनगर चलने की बात कही। मनोज ने बताया कि चालक के अलावा टैंपो में एक युवक भी था। चालक ने टैंपो में सीएनजी खत्म होने की बात कहकर राजनगर एक्सटेंशन पर ले गया। चालक ने माधवपुरम कालोनी के सामने ऑटो रोक लिया। एसीपी कविनगर स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। टीम ने कुछ सीसीटीवी फुटेज की जांच की है, जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।