गाजियाबाद। सिहानी गेट क्षेत्र में मंडी से सब्जी खरीदकर घर लौट रही एक महिला से ऑटो सवार तीन शातिरों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर कुंडल उतरवा लिए। इसके बाद शातिर महिला को बीच रास्ते में उतारकर भाग गए। घटना 14 अगस्त की है। मामले में संजयनगर की फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी रजनी की शिकायत पर पुलिस ने 17 अगस्त को केस दर्ज किया है।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि रजनी के अनुसार वह मंडी से सब्जी खरीदकर पुराने बस अड्डे से फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित घर के लिए ऑटो में सवार हुईं। ऑटो में पहले से तीन व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि उन्होंने रास्ते में उनसे बात की और शातिरों ने बताया कि आगे पुलिस चेकिंग कर रही है। सोने के कुंडल देखकर पुलिस उन्हें डांटेगी। विश्वास में लेकर शातिरों ने रजनी के कानों से कुंडल उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए। आश्वासन दिया कि पुलिस चेकिंग के बाद उन्हें कुंडल वापस कर देंगे। राजनगर फ्लाईओवर पर महिला को उतारकर शातिर ऑटो लेकर भाग गए। एसीपी ने बताया कि मामले की जांच कर ऑटो सवार तीन शातिरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।