साहिबाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने शुक्रवार को शालीमार गार्डन एक्स-1 में दो अवैध रूप से निर्माण किए गए भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह कार्रवाई नगर नियोजन उपाध्यक्ष के निर्देश पर की गई। प्राधिकरण के अनुसार, भूखंड संख्या 270 और 325 पर स्वीकृत मानचित्र से हटकर अतिरिक्त तल का निर्माण किया गया था। दोनों भूखंडों पर नियमों का उल्लंघन करते हुए खंभे और दीवारें खड़ी कर दी गई थीं, जिन्हें जीडीए ने अवैध घोषित करते हुए ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी लवकेश कुमार, सहायक अभियंता सुरजीत, अवर अभियंता अखिलेश कुमार उपस्थित रहे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सभी निर्माण जो बिना अनुमति या स्वीकृत मानचित्र के विरुद्ध किए गए हैं, उन पर इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।