फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: उप निबंधक कार्यालय में कुंबल कर चोरी का प्रयास

विज्ञापन
मोदीनगर तहसील में बदमाशों ने रजिस्ट्रार कार्यालय में जाता चोर। स्रोत: वीडियोग्रैब
विज्ञापन
मोदीनगर। तहसील मुख्यालय पर सोमवार रात बदमाशों ने सेंधमारी की। बदमाशों ने उप निबंधक कार्यालय में कुंबल कर और रजिस्ट्रार कानूनगों कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया। बदमाशों ने दोनों कार्यालय में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर वहां से कीमती सामान चोरी की कोशिश की। बदमाशों ने उप निबंधक कार्यालय की तिजोरी का ताला तोड़ने का प्रयास किया मगर नाकाम रहे। मंगलवार सुबह कार्यालय पहुंचने पर कर्मचारियों को घटना की जानकारी हुई। दो आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
विज्ञापन

तहसील मुख्यालय पर उपजिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार, सहायक पुलिस आयुक्त और उप निबंधक समेत कई विभागों का कार्यालय हैं। भूतल पर उपजिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार, सहायक पुलिस आयुक्त और रजिस्ट्रार कानूनगों कार्यालय हैं व प्रथम मंजिल पर उप निबंधक कार्यालय है।
मंगलवार सुबह करीब दस बजे राजस्वकर्मी व अन्य विभागों के कर्मचारी तहसील मुख्यालय पहुंचे तो रजिस्ट्रार कानूनगो कार्यालय का ताला टूटा मिला और उप निबंधक कार्यालय की दीवार में कुंबल हुआ मिला। दोनों कार्यालय में रखी अलमारियों के ताले टूटे हुए थे और दस्तावेज आदि बिखरे थे। यह देख कर्मचारियों के होश उड़ गए। मौके पर बड़ी संख्या में राजस्वकर्मियों और अधिवक्ताओं की भीड़ जमा हो गई। तहसीलकर्मियों ने इसकी सूचना उपजिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों को दी। तहसील में लगे सीसीटीवी कैमरे में दो आरोपी कैद हो गए। दोनों बदमाशों ने नकाब पहना हुआ था।
विज्ञापन

उप निबंधक कार्यालय का ताला नहीं टूटा तो दीवार में किया कुंबल
बदमाशों ने पहले उप निबंधक कार्यालय का ताला तोड़ने का प्रयास किया। ताला तोड़ने में नाकाम रहने पर बदमाशों ने उप निबंधक कार्यालय की दीवार में कुंबल किया और अंदर दाखिल हो गए। यहां बदमाशों ने तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद भी जब तिजोरी नहीं तोड़ सके तो बदमाशों ने आलमारियों के ताले तोड़कर फाइलें इधर उधर फेंक दीं। उप निबंधक कार्यालय के अनुसार घटना के समय तिजोरी में समय बारह लाख से अधिक की नकदी थी। इसके बाद बदमाशों ने भूतल पर रजिस्ट्रार कानूनगों कार्यालय का ताला तोड़ा। बदमाशों ने यहां भी आलमारियों के ताले तोड़े और फाइलें इधर-उधर फेंक दी। बदमाश लगभग दो घंटे तहसील मुख्यालय में रहे। मगर इसकी किसी को भनक नहीं लगी। बतादें कि उपजिलाधिकारी और तहसीलदार समेत कई अधिकारियों के आवास तहसील परिसर में ही हैं। घटना से सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो रहा है।
तहसील परिसर सुरक्षित न एसीपी न्यायालय परिसर, अधिवक्ताओं ने किया हंगामा
तहसील मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर दो कार्यालयों में बदमाशों की सेंधमारी की सूचना से अधिवक्ताओं में रोष पैदा हो गया। अधिवक्ता और दस्तावेज लेखक बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा काटा। उन्होंने पुलिस पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उत्तम त्यागी ने सवाल किया कि जब तहसील मुख्यालय और एसीपी न्यायालय परिसर जैसे स्थान सुरक्षित नहीं तो फिर अन्य स्थानों की सुरक्षा क्या होगी। उत्तम त्यागी ने कहा कि आए दिन तहसील परिसर में चोरी की वारदात होती रहती है, लेकिन पुलिस फर्जी खुलासा कर देती है। इससे बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में बदमाश नहीं पकड़े गए तो वह आंदोलन करेंगे। सहायक लिपिक नवनीत कुमार ने थाने में घटना की तहरीर दी। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज आदि के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें