गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में होटल व्यवसायी को कार चालक ने कुचलने का प्रयास किया। विरोध करने पर कार सवारों ने होटल में चार बार टक्कर मारकर तोड़फोड़ कर दी। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी।
संजयनगर निवासी वाईपी सिंह मधुबन बापूधाम क्षेत्र में होटल चलाते हैं। उन्होंने बताया कि वह 29 दिसंबर की रात वह अपने होटल पर थे। इसी दौरान चालक ने कार से उन्हें कुचलने का प्रयास किया। वह किसी तरह घर में घुस गए और अपनी जान बचाई। जब उन्होंने आपत्ति दर्ज कराई तो कार सवारों ने दोबारा भी उनपर कार चढ़ाने का प्रयास किया। आरोपियों ने उनके होटल के गेट व बाहर रखे सामान में चार बार टक्कर मारी, जिससे उनका भारी नुकसान हुआ।
आसपास के लोगों के आने पर आरोपी वहां से फरार हो गए। मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी खंगाले गए हैं।