माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। पसौंड़ा निवासी गौरव पांचाल की कार में 10 फरवरी की रात करीब 12ः15 बजे तेज रफ्तार कार चालक ने टक्कर मार दी। कार सवार तीनों युवक नशे में धुत थे। आरोपियों ने पहले गौरव से गाली-गलौज की। इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर कार चालक श्याम पार्क निवासी नितिन बंसल उर्फ गोम्सी बंसल ने खुद को गैंगस्टर का बेटा बताते हुए धमकाना शुरू कर दिया। उसके साथी रोहित ने खुद को दिल्ली पुलिस और अन्नू तिवारी ने यूपी पुलिस का अधिकारी बताया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपियों को हिरासत में लेकर चौकी गई लेकिन गौरव के जाने के बाद आरोपियों को छोड़ दिया। दो दिन बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।
गौरव पांचाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 10 फरवरी की रात वह शादी समारोह से लौट रहे थे। लाजपतनगर कट के पास तेज रफ्तार कार चालक ने पीछे से उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उन्होंने कार रोकी तो दूसरी कार से भी नशे में धुत तीन युवक बाहर निकले। टक्कर का विरोध करने पर तीनों ने मारपीट शुरू कर दी। साथ ही उनका फोन भी छीन लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनका फोन वापस दिलाया। आरोप है कि मुख्य आरोपी नितिन ने कार की सीट पर रखी नोटों की गड्डी दिखाकर उन्हें धमकी दी कि वह उनका कुछ नहीं बिगड़ पाएगा। इसके बाद वह थाने में तहरीर देकर चले गए। एसीपी साहिबाबाद रजनीश उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।