कौशांबी। थानाक्षेत्र स्थित पैरामाउंट मार्केट में संचालित श्री साईं पूजा भंडार के शटर का ताला तोड़कर चोरों ने अष्टधातु मूर्तियां, रुद्राक्ष की माला और गल्ले में रखी नकदी चोरी कर ली। वारदात मंगलवार सुबह तड़के करीब तीन बजे के बाद की बताई जा रही है। दुकान संचालक जयपुरिया सोसायटी निवासी गौरव सिंह की तरफ से पुलिस को तहरीर दी गई है।
गौरव सिंह ने बताया कि सोमवार की रात करीब आठ बजे उन्होंने दुकान बंद कर दी थी। मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनके दुकान के ऊपर संचालित पैथोलॉजी लैब के कर्मचारी ने उनकी दुकान का कटा हुआ ताला और मुड़ा हुआ शटर देखकर उन्हें चोरी की जानकारी दी। जब वह दुकान पर पहुंचे तब उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बताया कि दुकान के अंदर से करीब 5000 रुपये कीमत की तीन मूर्तियां, 2000 रुपये की नकदी और दो रुद्राक्ष की मालाएं गायब थीं। वहीं पुलिस की तरफ से लगी गश्त ड्यूटी कर्मियों का कहना है कि तड़के तीन बजे तक वह ड्यूटी पर ही थे। ऐसे में चोरी की आशंका तीन बजे के बाद की जताई जा रही है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।