गाजियाबाद। लोनी स्थित दिनेश राज क्रिकेट अकादमी में चल रहे बीआर शर्मा अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में बृहस्पतिवार को अर्वाचीन स्कूल और एसबी यूथ की टीम के बीच मैच खेला गया। इसमें कनव की शानदार बल्लेबाजी से अर्वाचीन स्कूल की टीम ने 95 रनों से जीत हासिल की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अर्वाचीन स्कूल की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 311 रन बनाए। बल्लेबाज कनव खन्ना ने शानदार 157 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गेंदबाजी में मयंक राज ने दो विकेट लिए। रनों का पीछा करते हुए एसबी यूथ की टीम 40 ओवर में आठ विकेट पर 216 रन बना पाई। बल्लेबाज देव यादव ने 48 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में आदर्श तिवारी ने दो विकेट लिए। विजेता टीम के बल्लेबाज कनव खन्ना ने प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्राप्त किया।