फिर बिगड़ी हवा, एनसीआर में सबसे प्रदूषित गाजियाबाद
साहिबाबाद। गाजियाबाद की हवा फिर बिगड़ने लगी है। सरकारी मशीनरी की तमाम जद्दोजहद के बावजूद जिले का एयर क्वॉलिटी इंडेक्स रविवार को 256 से बढ़कर 292 तक पहुंच गया। इस स्तर के साथ गाजियाबाद एनसीआर में सबसे प्रदूषित शहर रहा। शहर में संजय नगर 308 एक्यूआई के साथ रेड जोन में दर्ज हुआ। जबकि इंदिरापुरम में सबसे कम 269 एक्यूआई दर्ज हुआ।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों को देखे तो गाजियाबाद का एक्यूआई रविवार को लगातार दूसरे दिन 292 स्तर के साथ एनसीआर का सबसे प्रदूषित शहर रहा। तीन दिन पूर्व ही झमाझम बारिश के बाद गाजियाबाद का एक्यूआई ग्रीन जोन में 58 दर्ज किया गया था। मगर अब हालात लगातार बिगड़ने लगे हैं। इससे जिले का वायु प्रदूषण स्तर ऑरेंज जोन में आ गया। ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 281 के साथ दूसरे स्थान पर दर्ज हुआ। दो ही दिन में प्रदूषण में करीब तीन गुना की बढ़ोतरी हुई है।
बोर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो गाजियाबाद में चार स्टेशनों पर संजय नगर का इलाका सबसे घातक श्रेणी में रहा। वहां पर वायु प्रदूषण 308 के साथ रेड जोन में दर्ज हुआ। इसके बाद लोनी में 305 और वसुंधरा में भी रेड जोन के अंदर एयर क्वॉलिटी इंडेक्स 303 रिकॉर्ड किया गया। जीडीए की ओर से प्रदूषण रोकने को किए जा रहे इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। उधर, वसुंधरा सेक्टर-19 में सत्यम खंड के पास किसी व्यक्ति ने कूड़े में आग लगा दी। आग लगने से धुआं फैल गया। लोगों ने पहुंचकर तुरंत आग पर पानी डालकर बुझाया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी का कहना है कि बारिश होने के बाद हवा की गति धीमी हो गई है, जिससे वायु प्रदूषण बढ़ने लगा है।