गाजियाबाद। आरटीओ कार्यालय में वाहनों के ट्रांसफर, लोन चढ़वाने और उसे आरसी से हटवाने (एचपीए) के लिए आने वाले वाहन स्वामियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) द्वारा सॉफ्टवेयर व प्रक्रिया में किए गए बदलावों ने आम जनता की परेशानी कई गुना बढ़ा दी हैं। पहले जहां ये सभी कार्य महज एक सप्ताह के भीतर पूरे हो जाते थे, वहीं अब आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर काटते-काटते तीन हफ्ते से अधिक का समय लग रहा है।
बता दें कि पूर्व व्यवस्था में एचपीए लोन हटवाने, नया लोन चढ़वाने और वाहन ट्रांसफर की औपचारिकताएं केवल एक ही फॉर्म के जरिए पूरी कर ली जाती थीं। इसके लिए 1,800 रुपये की एकमुश्त फीस तय थी और सात दिनों के भीतर काम पूरा हो जाता था। एनआईसी द्वारा व्यवस्था को अपग्रेड करने और सुरक्षा बढ़ाने के नाम पर अब इस प्रक्रिया को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया गया है। आवेदकों को अब हर काम के लिए अलग-अलग फॉर्म भरना पड़ रहा है, जिससे प्रक्रिया बेहद धीमी और जटिल हो गई है।
चरणबद्ध प्रक्रिया और फीस का गणित
पहला चरण एचपीए लोन हटवाना: वाहन से बैंक का लोन हटाने के लिए पहला फॉर्म भरना पड़ता है। यह प्रक्रिया हालांकि निशुल्क रखी गई है, लेकिन पोर्टल और फाइलों की सुस्त रफ्तार के कारण इसमें पूरा एक हफ्ता बीत जाता है।
दूसरा चरण वाहन ट्रांसफर : लोन हटने के बाद ही ट्रांसफर की फाइल शुरू होती है। इसके लिए कार के मामले में 300 रुपये और बाइक के लिए 150 रुपये की फीस लगती है। इस प्रक्रिया के पूरे होने में भी एक हफ्ते का अतिरिक्त समय लगता है।
तीसरा चरण लोन चढ़वाना : ट्रांसफर के बाद नए लोन को दर्ज कराने के लिए 1,500 रुपये की फीस के साथ तीसरा फॉर्म जमा करना होता है। इस अंतिम चरण में भी पूरा एक हफ्ता लग जाता है।
-
केस एक
चार पहिया वाहन मालिक मो. समीर ने बताया कि उन्होंने अपनी कार पर एक्सिस बैंक से लिया गया लोन पूरी तरह चुकता कर दिया है। अब वे गाड़ी बेचना चाहते हैं। इसके लिए आरसी से लोन हटवाना (एचपीए कैंसिलेशन) और नए खरीदार के नाम ट्रांसफर कराना अनिवार्य है। आलमगीर पिछले एक हफ्ते से लगातार आरटीओ कार्यालय की दौड़ लगा रहे हैं, लेकिन नई व्यवस्था के फेर में उनका काम अटका पड़ा है।
केस दो ::
गोविंदपुरम निवासी सोमेश उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने कार को बैंक से लोन पर लिया था। लोन चुकाने के बाद भी उन्हें कार बेचने और एनओसी लेने के लिए काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। आरसी से लोन हटवाने के लिए पिछले कई दिनों से कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
-
बोले अधिकारी :
लोगों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए ऑटो अप्रूवल की व्यवस्था की गई है। समस्याओं को दूर करने के लिए अधिकारियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है।
- अशोक कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन