मुरादनगर। करीब एक माह पूर्व नोएडा से अपहरण कर लाकर सुराना हिंडन पुल के पास गोली मारकर युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी सुमित निवासी हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि तीन जुलाई को गांव सुराना हिंडन पुल के पास गोली लगा एक युवती का शव पड़ा मिला था। उसकी शिनाख्त रागिनी उर्फ आरोही निवासी चौड़ा गांव सेक्टर 22 नोएडा के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर बिल्डर, उनकी पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अवैध संबंध का विरोध करने पर युवती की हत्या की गई थी। बिल्डर की पत्नी ने अपने भाई के साथ मिलकर युवती की हत्या की योजना बनाई थी। रात में घर से युवती को बुलाकर कार से अगवा कर उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी।