तब तक मारता रहा लात घूसें जब तक न चली गई जान
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडे के अनुसार, आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि शनिवार रात होटल के एक कमरे में उसने और आरती ने साथ में शराब पी। इसके बाद उनका विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी ने महिला पर लात-घूसों और कोहनी से तब तक प्रहार किए, जब तक उसने चीखना बंद नहीं कर दिया। इसके बाद वह नशे की हालत में वहीं सो गया। रविवार सुबह जब आरती के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई, तब उसने पुलिस को सूचना दी।
दो वर्ष पहले हो चुकी पति की मौत
एसीपी ने बताया कि आरती की शादी रोहित कुमार निवासी कोटगांव से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। दो वर्ष पूर्व बीमारी के चलते रोहित की मौत हो गई। इसके बाद आरती को नशे की लत लग गई। इसके चलते रोहित के परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। आरती का खर्च आरोपी प्रवीन ही चलाता था। 10 जनवरी की शाम दोनों होटल पहुंचे और शराब पी। इसके बाद पूरी घटना हुई।
काफी समझाने पर शव ले गए परिजन
एसीपी ने बताया कि गलत आचरण और नशे की लत के कारण परिजनों ने आरती से नाता तोड़ लिया था। उसके दोनों बेटे अपने चाचा के पास रहते हैं। परिजनों ने पंचायतनामा भरवाने से इन्कार कर दिया था। बाद में काफी समझाने पर वह पोस्टमार्टम हाउस से शव ले गए। आरती के बेटे दक्ष की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।