कौशांबी। वैशाली पुलिस ने एनसीआर के क्षेत्रों में फोन और कीमती सामान लूटने वाले गिरोह के दो सदस्यों आदिल मलिक उर्फ अंडा और चांद उर्फ चंदा को गिरफ्तार किया है। दोनों से लूटे गए पांच फोन, करीब सात हजार रुपये और विभिन्न घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक बरामद की है।
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास कट पर बाइक सवार दो लोगों को रोककर चेकिंग की। शक होने पर टीम ने जांच की तो पांच फोन और नकदी मिली। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें दोनों की पहचान आदिल मलिक उर्फ अंडा निवासी जवाहर पार्क शहीद नगर और चांद उर्फ चंदा निवासी जयपाल चौक के पास शहीद नगर के रूप में हुई। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले वैशाली सेक्टर दो में एक महिला से मोबाइल फोन लूटा था, जिसे राहगीर को बेच दिया था। एक अन्य मोबाइल लूट की घटना महाराजपुर के पास की थी। वैशाली सेक्टर पांच में दोपहर के समय दोनों ने एक सप्ताह पहले मोबाइल फोन लूट की घटना को अंजाम दिया थी। एसीपी के मुताबिक, दोनों पर कौशांबी थाने में चोरी-लूट के दो मुकदमे और शालीमार गार्डन, लिंकरोड में एक-एक जबकि दिल्ली के थानों के तीन मुकदमे विभिन्न धारा के दर्ज हैं।
-