गाजियाबाद। हापुड़ रोड स्थित दयावती मोदी पब्लिक स्कूल के प्रबंधन पर अभिभावकों ने मनमानी फीस बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है।
डीआईओएस से भी कार्रवाई की मांग की गई है। डीएम ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को अभिभावकों का प्रतिनिधिमंडल कलक्टट्रेट स्थित डीएम कार्यालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल की अध्यक्षता कर रहे योगेंद्र बल्हारा ने डीएम को बताया कि विद्यालय प्रबंधन ने प्रत्येक कक्षा में मनमानी फीस वृद्धि की है। इससे अभिभावकों की जेब पर अतिरिक्त खर्च का बोझ बढ़ गया है।
इस पर डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए बैठक की जाएगी। जांच कराने के बाद विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद अभिभावकों ने डीआईओएस को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
योगेंद्र बल्हारा ने कहा कि समस्या का समाधान शीघ्र न होने पर दो मई को तहसील समाधान दिवस पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर संगीता चौधरी, अनुराधा शर्मा, मोनिका त्यागी, विनीत अवस्थी, रानू शर्मा, कविता सिंह आदि मौजूद रहे।
इस संबंध में स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी राजीव ने बताया कि फीस बढ़ोतरी तय शर्तों और नियमों के अंतर्गत की गई है। मनमाने तरीके से कोई फीस बढ़ोतरी नहीं की गई है।