गाजियाबाद। क्रासिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में एक दलित व्यक्ति ने प्रॉपर्टी डीलर और उसके बेटे पर प्लॉट के नाम पर 35 लाख 38 हजार रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित दीपक कुमार ने आरोप लगाया है कि प्रॉपर्टी डीलर विक्रम सिंह और उसके पुत्र ऋषभ ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और हमला किया। मामले में विक्रम सिंह, ऋषभ और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित दीपक कुमार के मुताबिक उन्होंने वर्ष 2020 में प्रॉपर्टी डीलर विक्रम सिंह और उसके पुत्र ऋषभ से गौतमबुद्धनगर के बिसनौली गांव में 105 वर्ग गज का एक प्लॉट 37 लाख रुपये में तय किया था। दीपक ने प्लॉट के लिए नकद, पेटीएम और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 35 लाख 38 हजार 225 रुपये का भुगतान किया। इसमें बैंक लोन से मिली राशि भी शामिल है। आरोप है आरोपियों ने प्लॉट की रजिस्ट्री करने से इन्कार कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। कुछ दिन बाद जब वह आरोपियों के कार्यालय पहुंचे तो विक्रम सिंह व ऋषभ और उनके कर्मचारियों ने पीड़ित से मारपीट की और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर कार्यालय से भगा दिया। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।